सीरिया में रूसी विमान गिरने के लिए इस्राईल ज़िम्मेदार हैः असद
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने अपने रूसी समकक्ष विलादिमीर पुतीन को संदेश भेज कर कहा है कि सीरिया में रूस के विमान को मार गिराए जाने के लिए ज़ायोनी शासन ज़िम्मेदार है।
उन्होंने अपने संदेश में रूस के सैन्य विमान पर हमले में रूसी सैनिकों के मारे जाने पर संवेदना जताई है और इसे ज़ायोनी शासन के दुस्साहस का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा है कि यह घटना, इस्राईल के दुस्साहस का नतीज है जो हमेशा क्षेत्र पर अतिक्रमण व अपने तुच्छ लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी ओछे हथकंडे इस्तेमाल करता है। सीरिया के राष्ट्रपति ने इस हमले में मारे गए रूसी सैनिकों को एेसे नायक बताया है जो अपने साथियों के साथ सीरिया में आतंकवाद के ख़िलाफ़ संघर्ष कर रहे थे।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि इस्राईली विमान चालकों ने सोमवार की रात रूस के एक सैन्य विमान को ढाल के रूप में प्रयोग किया और उसे सीरिया के एयर डिफ़ेंस का निशाना बनवा दिया। मंत्रालय ने बताया है कि रूस का आईएल-20 सैन्य विमान उस समय सीरियाई एयर डिफ़ेंस के एस-200 सिस्टम का निशाना बना जब ज़ायोनी शासन के एफ़-16 विमान लाज़ेक़िया पर हमला कर रहे थे। लाज़ेक़िया में रूस का सैन्य विमान गिरने के बाद रूस के रक्षामंत्री ने ज़ायोनी शासन के युद्धमंत्री को टेलीफ़ोन करके इस्राईल को इस घटना के लिए उत्तरदायी बताया। (HN)