दाइश के भूमिगत ठिकानों की तबाही की तैयारी पूरी
इराक़ ने इस देश में मौजूद दाइश के भूमिगत ठिकानों को नष्ट करने की योजना तैयार कर ली है।
फरात न्यूज़ के अनुसार इराक़ के सुरक्षा बलों ने एेसी योजना बनाई है जिसके अन्तर्गत इस देश में आतंकवादी गुट दाइश के गोपनीय ठिकानों को पूरी तरह से नष्ट किया जा सकेगा। इराक़ी सुरक्षाबलों के अनुसार करकूक, नैनवा और सलाहुद्दीन के निकटवर्ती क्षेत्रों में दाइश के कम से कम 200 भूमिगत ठिकाने हैं। दाइश के आतंकवादी इन भूमिगत ठिकानों में हथियार और विस्फोटक पदार्थ छिपाकर रखते थे और ख़तरे के समय इन्ही भूमिगत ठिकानों में छिप जाया करते थे। आत्मधाती हमलों की तैयारी भी इन्ही ठिकानों से की जाती थी। अब इन ठिकानों को चिन्हित करके उनके नष्ट करने की योजना तैयार कर ली गई है।
ज्ञात रहे कि पिछले साल इराक़ के प्रधानमंत्री की ओर से यह एलान किया जा चुका है कि इराक़ को दाइश से मुक्त करा लिया गया है। हालांकि उसके बाद दाइश के बचे-खुचे तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही लगातार जारी है।