सऊदी अरब में विद्रोह का ख़तरा, रियाज़ सेना के हवाले
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i70368-सऊदी_अरब_में_विद्रोह_का_ख़तरा_रियाज़_सेना_के_हवाले
सऊदी अरब से निर्वासित किए गए राजकुमार द्वारा संभावित विद्रोह के मद्देनज़र सऊदी अरब के युवराज ने रियाज़ का नियंत्रण सेना के हवाले कर दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०१, २०१८ १२:०० Asia/Kolkata
  • सऊदी अरब में विद्रोह का ख़तरा, रियाज़ सेना के हवाले

सऊदी अरब से निर्वासित किए गए राजकुमार द्वारा संभावित विद्रोह के मद्देनज़र सऊदी अरब के युवराज ने रियाज़ का नियंत्रण सेना के हवाले कर दिया है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने ज़्यादातर सऊदी अरब के सैन्य अधिकारियों एवं सैनिकों को इस देश की राजधानी रियाज़ में स्थानांतरित कर दिया है। आले सऊद शासन के सूत्रों के अनुसार सऊदी युवराज के इस क़दम का कारण उनके और उनकी सरकार के घोर विरोधी राजकुमार ख़ालिद बिन फरहान अस्सऊद की ओर से दी गई वह धमकी है जिसमें उन्होंने युवराज मोहम्मद बिन सलमान के ख़िलाफ़ विद्रोह का एलान करते हुए उन्हें सत्ता से हटाने की बात कही थी।

समाचार पत्र डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार यूएई की मीडिया को दिए गए साक्षात्कार में आले सऊद सरकार विरोधी राजकुमार ख़ालिद बिन फरहान अस्सऊद ने कहा था कि वह शाही परिवार के उन सभी राजकुमारों के संपर्क में हैं जो बिन सलमान की नीतियों के विरोधी है और बहुत जल्द हम रियाज़ से मोहम्मद बिन सलमान को उखाड़ फेकेंगे।

जर्मनी में देश निकाले का जीवन व्यतीत कर रहे सऊदी राजकुमार का कहना है कि मोहम्मद बिन सलमान का सरकार चलाने का जो रवैया है वह एक अनपढ़ तानाशाह जैसा है। उन्होंने कहा कि सऊदी युवराज आज इस बात का कारण बने हैं कि सऊदी अरब की जो एक साफ़ छवि थी वह दाग़दार हो गई है।

दूसरी ओर यह बात भी महत्वपूर्ण है कि 2 अक्तूबर को इस्तांबुल स्थित सऊदी दूतावास में ख़ाशुक़जी की निर्मम हत्या के बाद विभिन्न क्षेत्रों से प्रश्न उठाए जा रहे हैं कि इस हत्याकांड में सऊदी युवराज किस हद तक शामिल हैं और उनकी क्या भूमिका है?

उल्लेखनीय है कि सऊदी नरेश सलमान बिन अब्दुल अज़ीज़ ने पिछले युवराज 57 वर्षीय राजकुमार मोहम्मद बिन नाएफ़ की जगह अपने 31 वर्षीय बेटे मोहम्मद बिन सलमान को नया युवराज नियुक्त कर दिया था और साथ ही राजकुमार मोहम्मद बिन नाएफ़ को गृहमंत्री के पद से भी हटा दिया था। सूत्रों के मुताबिक़ सऊदी युवराज मोहम्मद बिन सलमान पर कुछ महीने पहले एक जानलेवा हमला भी हुआ था और वह उसमें गंभीर रूप से घायल भी हो गए थे। (RZ)