स्वतंत्र देशों का प्रतिरोध, परिवर्तन ला सकता हैः बश्शार असद
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा कि पश्चिमी देशों के षड्यंत्रों और योजनाओं की विफलता और सीरिया तथा उत्तरी कोरिया जैसे स्वतंत्र और स्वाधीन देशों के प्रतिरोध अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर परिवर्तन ला सकते हैं।
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने मंगलवार को दमिश्क़ में उत्तरी कोरिया के विदेशमंत्री रे यूंग हू से मुलाक़ात में कहा कि सीरिया में दाइश जैसे तकफ़ीरी आतंकवादियों को भेजना और पश्चिमी देशों की ओर से आतंकवादी गुटों का समर्थन, उन देशों को कमज़ोर करना है जो स्वतंत्र और स्वाधीन हैं और पश्चिमी षड्यंत्रों और योजनाओं का मुक़ाबला करते हैं।
उत्तरी कोरिया के विदेशमंत्री ने भी कहा कि उत्तरी कोरिया, सीरिया और उन सभी देशों के शत्रु जो वर्चस्ववादियों और नीतियों तथा विदेशों के हस्तक्षेप को सहन नहीं करते,संयुक्त हैं।
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद और उत्तरी कोरिया के विदेशमंत्री यूंग हू ने इस मुलाक़ात में द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार तथा परस्पर सहयोग को मज़बूत करने के मार्गों की समीक्षा की।
पिछले चार वर्षों में उत्तरी कोरिया के विदेशमंत्री का यह सीरिया का पहला दौरा है। (AK)