इराक़-सीरिया सीमा पर दाइश की हमले की साज़िश हुई नाकाम
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i70513-इराक़_सीरिया_सीमा_पर_दाइश_की_हमले_की_साज़िश_हुई_नाकाम
इराक़ के अलअंबार प्रांत में स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी के दाइश विरोधी अभियान के कमांडर ने कहा है कि सीरिया की सीमा से इराक़ में घुसपैठ की दाइश के आतंकवादियों की कोशिश को नाकाम बना दिया गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०५, २०१८ १७:४१ Asia/Kolkata
  • इराक़-सीरिया सीमा पर दाइश की हमले की साज़िश हुई नाकाम

इराक़ के अलअंबार प्रांत में स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी के दाइश विरोधी अभियान के कमांडर ने कहा है कि सीरिया की सीमा से इराक़ में घुसपैठ की दाइश के आतंकवादियों की कोशिश को नाकाम बना दिया गया है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़ इराक़ के अलअंबार में स्वयंसेवी बल हश्दुश्शाबी के ऑप्रेश्नल कमांडर क़ासिम मुसलेह ने बताया है कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के आतंकवादी ख़राब मौसम का लाभ उठाकर सीरिया की सीमा से इराक़ में घुसकर एक बड़े हमले की साज़िश रच रहे थे, लेकिन समय रहते हश्दुश्शाबी के जियालों ने बड़ी होशियारी से दाइश की इस योजना को विफल बना दिया। मुसलेह ने बताया कि दाइश के आतंकियों ने हश्दुश्शाबी के जवानों पर पहले मोर्टार गोलों से हमला किया लेकिन इराक़ी जवानों ने दाइश के आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उन्हें खदेड़ भगाया।

हश्दुश्शाबी के कमांडर ने इराक़ी सरकार से कहा है कि वह सीरिया से मिलने वाली सीमाओं पर सुरक्षा के और कड़े बंदोबस्त करे ताकि दाइश के आतंकियों की घुसपैठ को रोका जा सके। हश्दुश्शाबी के एक और कमांडर हाशिम मूसवी ने कहा है कि दाइश के बहुत से सरग़ना इराक़ की सीमा के पास सीरिया के भीतर स्थित अमेरिकी सैन्य छावनियों में मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि सीरिया के अत्तनफ़ अमेरिकी सैन्य अड्डा दाइश के बाक़ी बचे आतंकियों के ठिकाने में बदल गया है। मूसवी ने कहा कि अमेरिका आतंकवादियों का इस्तेमाल करके बग़दाद और दमिश्क़ की सरकारों पर दबाव डालना चाहता है। (RZ)