ज़ायोनी सैनिकों की क्रूरता, जारी वर्ष में 54 फ़िलिस्तीनी बच्चे शहीद
ज़ायोनी सैनिकों ने जारी वर्ष में अब तक कम से कम 54 फ़िलिस्तीनी बच्चों को शहीद किया है।
फ़िलिस्तीन मुक्ति संगठन (पीएलओ) के अध्ययन केंद्र ने बुधवार को बताया है कि जारी वर्ष के आरंभ से अब तक 54 फ़िलिस्तीनी बच्चे ज़ायोनी सैनिकों की गोलियों का निशाना बन कर शहीद हो चुके हैं। इस केंद्र ने बताया है कि इनमें से 44 बच्चे "वापसी मार्च" के नाम से ग़ज़्ज़ा पट्टी में होने वाले प्रदर्शनों के दौरान ज़ायोनी सैनिकों की फ़ायरिंग में शहीद हुए हैं जिनमें से तीन के शव अब भी ज़ायोनी शासन के पास हैं।
पीएलओ के अध्ययन केंद्र ने बताया है कि ज़ायोनी सैनिकों ने जान बूझ कर और हत्या के इरादे से फ़िलिस्तीनी बच्चों पर फ़ायरिंग की है। इस रिपोर्ट के अनुसार जारी वर्ष में अब तक 900 से अधिक फ़िलिस्तीनी बच्चों को ज़ायोनियों ने गिरफ़्तार किया है जिनमें से 230 अब भी इस्राईली जेलों में बंद हैं और उन्हें रिहा नहीं किया गया है। (HN)