तुर्की ने अमरीका की नई पेशकश को ठुकरा दिया
तुर्की के येनी सफ़क अख़बार की रिपोर्ट के मुताबिक़, पिछले हफ़्ते अंकारा की यात्रा के दौरान अमरीका के एक प्रतिनिधिमंडल ने तुर्की को आश्वस्त करने की कोशिश की थी कि वह रूस से मिसाइल सिस्टम एस-400 नहीं ख़रीदे।
तुर्की को एस-400 नहीं ख़रीदने के लिए राज़ी करने के लिए अमरीका ने काफ़ी बड़ी पेशकश भी की।
हालांकि तुर्क अधिकारियों ने अमरीकी अधिकारियों की इस पेशकश को ठुकरा दिया है।
अमरीका ने तुर्की को पेशकश की थी कि अगर वह रूस से एस-400 ख़रीदने का सौदा रद्द कर देता है तो वह उसे पैट्रियट मिसाइल सिस्टम देगा।
अमरीका की रक्षा सुरक्षा सहयोग की एजेंसी ने 18 दिसम्बर 2018 को कहा था कि अमरीका के विदेश मंत्रालय ने तुर्की को 80 पैट्रियट एमआईएम-104ई, 60 पीएसी-3 और अन्य संबंधित उपकरण बेचने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।
अमरीका ने पैट्रियट मिसाइल सौदे की क़ीमत 3.5 अरब डॉलर घोषित की थी। हालांकि तुर्की ने यह कहते हुए अमरीका की इस पेशकश को ठुकरा दिया कि इस प्रस्ताव में तकनीक का स्थानांतरण और क़ीमत में छूट शामिल नहीं है।
अमरीका के इस प्रस्ताव के अगले दिन 19 दिसम्बर को रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा था कि तुर्की द्वारा अमरीका से संभावित पैट्रियट मिसाइल प्रणाली ख़रीदने और रूस से मिसाइल प्रणाली एस-400 ख़रीदने के बीच कोई संबंध नहीं है।
पेस्कोव ने बल दिया था कि मास्को और अंकारा एस-400 के समझौते को ज़रूर आगे बढ़ायेंगे। msm