ज़ायोनी प्रधानमंत्री नेतनयाहू के ख़िलाफ़ चार्ज शीट
इस्राईली मीडिया ने रिपोर्ट दी है कि इस्राईल के अटार्नी जनरल प्रधानमंत्री नेतनयाहू के ख़िलाफ़ चार्ज शीट दाख़िल करेंगे।
ज़ायोनी वेबसाइट "वाला" ने बताया है कि इस्राईल के अटार्नी जनरल आवीख़ाई मेंदलबिलीत ने फ़ैसला किया है कि वे घूस और आर्थिक भ्रष्टाचार के केस में ज़ायोनी प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू के ख़िलाफ़ चार्ज शीट दाखिल करेंगे। इस्राईल की पुलिस नेतनयाहू के ख़िलाफ़ रिश्वत और आर्थिक भ्रष्टाचार के चार केसों पर काम कर रही है।
पहले केस में उन पर अमीर व्यापारियों से तोहफ़े लेने का आरोप है। दूसरा केस यदीऊत अहरनूत समाचारपत्र के मालिक से डील से संबंधित है जिसके अंतर्गत यह पत्र नेतनयाहू मंत्रीमंडल की ख़बरों को बेहरत ढंग से कवर करेगा जबकि सरकार इस पत्र के प्रतिद्वंद्वी अख़बार "इस्राईल ह्यूम" पर कुछ प्रतिबंध लगाएगी। तीसरे केस में ज़ायोनी प्रधानमंत्री पर जर्मनी से परमाणु पनडुब्बी की ख़रीदारी में सांठ-गांठ का आरोप है जबकि चौथे केस में उन पर बेज़ेक कंपनी के मालिक शाओल इलोविच को दसियों लाख डाॅलर की सुविधाएं देने का आरोप लगाया गया है।
ज्ञात रहे कि नेतनयाहू इस्राईल के एेसे पहले प्रधानमंत्री नहीं हैं जिन पर आरोप लगे हैं और जिनके विरुद्ध छानबीन हो रही है। इससे पहले भी कई ज़ायोनी प्रधानमंत्रियों के ख़िलाफ़ नैतिक और आर्थिक मामलों में गड़बड़ी के आरोप लगते रहे हैं। (HN)