प्रतिरोध की ताक़त बढ़ती जा रही हैः हसन नसरुल्लाह
लेबनान के हिज़्बुल्लाह संगठन के महासचिव ने कहा है कि क्षेत्र में इस्लामी प्रतिरोध की शक्ति दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है।
सैयद हसन नसरुल्लाह ने हिज़्बुल्लाह के शहीद कमांडरों को श्रद्धांजली अर्पित करने के लिए आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में वीडियो काॅन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से अपने भाषण में कहा है कि प्रतिरोध की शक्ति निरंतर बढ़ती जा रही है और यह शहीद कमांडरों की विरासत व हमारी ताक़त का रहस्य है। उन्होंने कहा कि अमरीका व इस्राईल जो कुछ कर सकते थे, इन बरसों में उन्होंने कर लिया लेकिन अब यह प्रतिरोध है जो समीकरणों को तैय करता है और वह विजयों के चरण में दाख़िल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिरोध की शक्ति का राज़ केवल हथियार नहीं बल्कि आस्था व संकल्प की ताक़त है और जब तक प्रतिरोध के पास यह ताक़त रहेगी तब तक दुश्मन उसके सामने नहीं टिक सकेगा।
हिज़्बुल्लाह संगठन के महासचिव ने ईरान में इस्लामी क्रांति की सफलता की चालीसवीं वर्षगांठ के अवसर पर निकलने वाली रैलियों में बीसियों लाख लोगों की उपस्थिति की ओर इशारा करते हुए कहा कि ईरान इतना शक्तिशाली है कि कोई उसके ख़िलाफ़ युद्ध शुरू करने का दुस्साहस नहीं कर सकता और हर धमकी व प्रतिबंध का जवाब ईरानी जनता ने रैलियों में भारी उपस्थिति से दे दिया है। सैयद हसन नसरुल्लाह ने वेनेज़ुएला में हिज़्बुल्लाह की कुछ यूनिटों की उपस्थिति के अमरीका के दावे को हास्यास्पद बताया और कहा कि हिज़्बुल्लाह की कोई यूनिट लैटिन अमरीका में नहीं है। (HN)