सीरिया के विरुद्ध नया हथकण्डा आर्थिक प्रतिबंधः असद
बश्शार असद ने कहा है कि आर्थिक परिवेष्टन को सीरिया के विरुद्ध युद्ध के लिए नए षडयंत्र के रूप में प्रयोग किया जा रहा है।
सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद ने कहा है कि दूसरे देशों के विरुद्ध कार्यवाही के हथकण्डे अब बदल चुके हैं। उन्होंने रविवार को दमिश्क़ में चीन के विदेश उपमंत्री चेन शियांग दूंग के साथ भेंट में कहा कि विगत में जिन मतभेदों को वार्ता के माध्यम से हल कर लिया जाता था उन्होंने अब दूसरा रुख़ अपना लिया है। आधुनिक दौर में प्रतिबंधों, आर्थिक परिवेष्टन और आतंकवाद को इसके लिए प्रयोग किया जा रहा है।
सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि आतंकवाद किसी भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष में केवल बल का प्रयोग प्रयाप्त नहीं है बल्कि इससे मुक़ाबले के लिए आइडियालोजी की भी ज़रूरत है। इस भेंटवार्ता में चीन के विदेश उपमंत्री ने कहा कि उनका देश सीरिया का समर्थन जारी रखेगा।