प्रतिरोध, अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों को विफल कर देगाः हिज़्बुल्लाह
हिज़्बुल्लाह की कार्यकारी परिषद के उपाध्यक्ष ने कहा कि हिज़्बुल्लाह के साथ मुक़ाबले में अमेरिका को विभन्न मोर्चो पर मिली पराजय और विफलताओं के बाद, अब प्रतिरोध आर्थिक प्रतिबंधों में वॉशिंग्टन को परास्त करेगा।
समाचार एजेंसी इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार हिज़्बुल्लाह की कार्यकारी परिषद के उपाध्यक्ष शेख़ अली दअमोशी ने कहा है कि वर्षों से अमेरिका, इस्राईल और उसके सहयोगी प्रतिरोध के ख़िलाफ़ सैन्य युद्ध छेड़े हुए हैं, जिनमें लगातार अमेरिका और उसके सहयोगियों को हार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका सैन्य युद्ध में हार से इतना बौखलाया हुआ है कि अब उसने आर्थिक युद्ध छेड़ दिया है। शेख़ अली दअमोशी ने कहा कि प्रतिरोध के दुश्मन बार-बार यह प्रयास करते आ रहे हैं कि अलग-अलग दबाव के ज़रिए प्रतिरोध के मज़बूत इरादों को कमज़ोर कर सकें लेकिन आने वाले दिनों में दुनिया देखेगी कि प्रतिरोध, कैसे अमेरिका को आर्थिक प्रतिबंधों में परास्त करेगा।
हिज़्बुल्लाह की कार्यकारी परिषद के उपाध्यक्ष शेख़ अली दअमोशी ने कहा कि, हमारे दुश्मन यह सपना देख रहे थे कि लेबनान की जनता के बीच हमारे ख़िलाफ़ झूठ और दुष्प्रचार करके हमारी लोकप्रियता को कम कर देंगे, लेकिन आज दुनिया देख रही है कि लेबनान सहित पूरी दुनिया में हमारी लोकप्रियता पहले से कहीं अधिक हुई है। उन्होंने कहा कि अमेरिका वर्षों से हर तरह का प्रयास करने के बावजूद आज तक लेबनान में अपने किसी लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सका है। शेख़ अली दअमोशी ने कहा कि हिज़्बुल्लाह को आतंकवादी सूची में डालकर अमेरिका ने अपनी हार को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि लेबनान वह जहग नहीं है जहां अमेरिका अपने राजनीतिक लक्ष्यों को प्राप्त कर सके, क्योंकि लेबनान में हर मोर्चे पर उसे सबसे पहले हिज़्बुल्लाह का सामना करना पड़ेगा। (RZ)