बहरैन और क़तर फिर आमने-सामने
बहरैन के विदेश मंत्री ने कहा है कि क़तर द्वारा उठाए जा रहे क़दमों का तुरंत जवाब देने की ज़रूरत है।
समाचार एजेंसी स्पूतनिक की रिपोर्ट के मुताबिक़, बहरैन के विदेश मंत्री ख़ालिद बिन आले ख़लीफ़ा ने एक बार फिर क़तर पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि क़तर की कार्यवाहियों का तुरंत जवाब देने की आवश्यकता है। बहरैनी विदेश मंत्री ने कहा कि फ़ार्स की खाड़ी सहयोग परिषद के सदस्य देशों को चाहिए कि वह क़तर के ग़ैर-ज़िम्मेदाराना क़दमों के ख़िलाफ़ ठोस रुख अपनाएं।
बहरैन के विदेश मंत्री ख़ालिद बिन आले ख़लीफ़ा ने क़तर के टीवी चैनल अलजज़ीरा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि, अलजज़ीरा बहरैन के ख़िलाफ़ ज़हर उगल रहा है।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब के नेतृत्व में बहरैन, संयुक्त अरब इमारात और मिस्र ने क़तर के ख़िलाफ़ पिछले दो वर्षों से आर्थिक प्रतिबंध लगा रखा है। इसके साथ-साथ इन सभी देशों ने क़तर के साथ राजनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को भी तोड़ रखा है। सऊदी अरब सहित यह सभी देश क़तर पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाते रहे हैं जबकि क़तर इन सभी आरोपों को बार-बार ख़ारिज करता आया है। (RZ)