अब इमारात डील आफ़ सेंचरी का मेज़बान बनेगा!
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i77718-अब_इमारात_डील_आफ़_सेंचरी_का_मेज़बान_बनेगा!
मनामा की आर्थिक कार्यशाला (वर्कशाॅप) की विफलता के बाद अब अमरीका की डील आफ़ सेंचुरी योजना को आगे बढ़ाने के लिए नई वर्कशाॅप की मेज़बानी इमारात करेगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul २९, २०१९ १५:२८ Asia/Kolkata
  • अब इमारात डील आफ़ सेंचरी का मेज़बान बनेगा!

मनामा की आर्थिक कार्यशाला (वर्कशाॅप) की विफलता के बाद अब अमरीका की डील आफ़ सेंचुरी योजना को आगे बढ़ाने के लिए नई वर्कशाॅप की मेज़बानी इमारात करेगा।

इमारात के एक समाचारपत्र ने बताया है कि यह देश क्षेत्र में अमरीका की नीतियों और फ़िलिस्तीनियों व ज़ायोनियों के मतभेदों के समाधान के संबंध में अमरीका की चालों के क्रियान्वयन के लिए बड़ी तेज़ी से क़दम उठा रहा है ताकि अधिक प्रभावी व सक्रिय भूमिका हासिल कर सके। पिछले कई बरसों से संयुक्त अरब इमारात को वाॅशिंग्टन की ओर से अनदेखी का सामना है और इसी लिए वह कोशिश कर रहा है कि जिस प्रकार से भी संभव हो, डील आफ़ सेंचुरी के संबंध में नई भूमिका हासिल कर ले जबकि फ़िलिस्तीनियों ने इस डील का कड़ाई से विरोध किया है और सऊदी अरब व इमारात पर फ़िलिस्तीन समस्या को ठंडे बस्ते में डालने का खुल कर आरोप लगाया है।

 

संयुक्त अरब इमारात जो नई भूमिका हासिल करना चाहता है और जिसे अपने लिए एक बड़ा अमरीकी पारितोषिक समझ रहा है, यह है कि वह उस वर्कशाॅप की मेज़बानी हासिल कर ले जिसमें डील आफ़ सेंचरी के विभिन्न आयामों की समीक्षा की जाएगी और इसी तरह 25 और 26 जून को आयोजित हो चुकी मनामा की आर्थिक वर्कशाॅप के परिणामों की चर्चा की जाएगी जिसका फ़िलिस्तीनियों व अन्य पक्षों ने बहिष्कार कर दिया था। ख़लीज आनलाइन ने इमारात के अहम स्रोतों के हवाले से बताया है कि अबू धाबी ने औपचारिक रूप से अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के दामाद और सलाहकार जेरेड कुशनर से कहा है कि वह डील आफ़ सेंचुरी की मेज़बानी के लिए तैयार है। इस प्रकार संयुक्त अरब इमारात, बहरैन के बाद इस डील के संबंध में होने वाली बैठक का दूसरा मेज़बान होगा।

 

स्रोतों का कहना है कि अमरीका ने क्षेत्र में इमारात की कमज़ोर भूमिका और मिस्र व सऊदी अरब जैसे देशों की तुलना में उसके कम प्रभाव के चलते बड़ी मुश्किल से अबू धाबी के आग्रह को स्वीकार किया है और इस डील की अगली बैठक के लिए उसकी मेज़ाबनी पर आरंभिक सहमति जता दी है। अरब सूत्रों के अनुसार इमारात अगस्त के आरंभ से इस बैठक के संबंध में अपनी तैयारियों और विचार-विमर्श की औपचारिक शुरुआत करेगा। बताया जा रहा है कि कुश्नर इस बैठक में डील आफ़ सेंचुरी के बारे में कुछ नए फ़ैसले करेंगे और इसी तरह मनामा बैठक में जिन बातों पर सहमति हुई थी, उन्हें लागू करने के बारे में भी इस बैठक में विचार-विमर्श होगा। (HN)