अमरीकियों को इराक़ से चले जाना चाहिएः नोजबा
इराक़ के नोजबा आन्दोलन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अमरीका को चाहिए कि वह इराक़ से अपने सैनिकों तो तुरंत निकाल ले।
नोजबा आन्दोलन के प्रवक्ता "नस्र अश्शेम्मरी" ने कहा है कि इराक़ में अमरीकी सैनिकों की उपस्थिति पूरी तरह से अवैध है। उन्होंने कहा कि इराक़ में किसी भी विदेशी सैनिक का प्रवेश और उसके इस देश से बाहर जाने का मामला इराक़ की संसद से संबन्धित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बारे में इराक़ की संसद में प्रस्ताव पारित किया जाना चाहिए। प्रवक्ता ने कहा कि अपनी स्थिति के कमज़ोर होने के कारण अमरीकी सैनिक, इराक़ के स्वयंसेवी बलों "हश्दुश्शाबी" को हमलों का लक्ष्य बना रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इराक़ में मौजूद इस्लामी प्रतिरोध के पास अमरीकियों को जवाब देने के लिए कई विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल हम कूटनीतिक विकल्प को ही प्रयोग कर रहे हैं।
नोजबा आन्दोलन के प्रवक्ता "नस्र अश्शेम्मरी" ने कहा कि सभी अमरीकी सैनिकों की इराक़ से वापसी का प्रस्ताव, संसद में पेश किया जा चुका है अतः इन विदेशी सैनिकों को तत्काल इराक़ छोड़कर चले जाना चाहिए।