सीरियाः अमरीका समर्थित बलों ने सीरियाई नागरिकों का अपहरण किया
सीरिया में अमरीका द्वारा समर्थित कुर्द बल, एसडीएफ के सदस्यों ने सैंकडों लोगों का अपहरण कर लिया है।
प्रेस टीवी के अनुसार एसडीएफ के सदस्यों ने सीरिया के हस्का प्रान्त के अश्शेदादी , रासुल एन और तमुर नगरों पर धावा बोल कर 300 से अधिक आम नागरिकों का अपहरण कर लिया।
सीरियाई न्यूज़ एजेन्सी साना ने बताया है कि इन सीरियाई नागरिकों को ज़बरदस्ती भरती के लिए अपहरण किया गया है। गत 24 सितम्बर को अश्शेदादी नगर के लोगों ने प्रदर्शन करके अमरीका समर्थित एसडीएफ बल को अपने नगर से निकाले जाने की मांग की थी।
सीरियाई विदेशमंत्रालय ने भी 15 सितम्बर को संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव , सुरक्षा परिषद में रूसी प्रतिनिधि और सुरक्षा परिषद के प्रमुख के नाम पत्रों में कहा था कि एसडीएफ बल के सदस्य, हस्का, दैरुज़्जूर , रिक़्क़ा और हलब में आम नागरिकों के खिलाफ आतंकवादी कार्यवाहियां जारी रखे हैं।
इस पत्र में सीरियाई सरकार ने बताया है कि एसडीएफ के सदस्यों को अमरीका और अमरीका के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से आर्थिक व सैनिक मदद मिलती है।
याद रहे अमरीका लगभग तीन वर्षों से पूर्वी और उत्तरी सीरिया में सक्रिय कुर्द लड़ाकों के लिए हथियार और सैन्य साधन भेजता है और अब तक वह 1700 से अधिक ट्रक हथियार इन लोगों के लिए भेज चुका है जिसकी वजह से इस पूरे इलाक़े में हथियारों की भरमार हो गयी है।
अभी पिछले हफ्ते ही सूत्रों ने बताया था कि अमरीका ने कुर्द लड़ाकों के लिए 200 से अधिक ट्रक हथियार भेजे हैं।(Q.A.)