आतंकवाद पर विजय से दुनिया में आतंकवादी नहीं फैलेः इराक़ी प्रधानमंत्री
इराक़ के प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी ने कहा है कि आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध की वजह से आतंकवादी तत्वो को क्षेत्र से दुनिया के अन्य देशों में जाने से रोक दिया गया।
इराक़ी प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी ने सोमवार को बग़दाद में नार्वे की प्रधानमंत्री एरिना सोलबर्ग से मुलाक़ात में कहा कि इराक़ को आतंकवादियों के विरुद्ध युद्ध और अन्य देशों के साथ रणनैतिक संबंधों के लिए दुनिया के देशों के समर्थन की आवश्यकता है।
नार्वे की प्रधानमंत्री एरिना सोलबर्ग ने भी कहा कि उनका देश आतंकवाद के विरुद्ध युद्ध में इराक़ का समर्थन करता है और नार्वे इराक़ी सेना की ट्रेनिंग और इराक़ के पुनर्निमाण में सहायता का क्रम जारी रखेगा।
दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने अपनी अपनी मुलाक़ातों में विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग को विस्तृत करने के मार्गों की भी समीक्षा की।
नार्वे की प्रधानमंत्री ने बग़दाद में इराक़ी राष्ट्रपति बरहम सालेह से भी मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में द्विपक्षीय संबंधों में विस्तार के मार्गों की समीक्षा करने के साथ ही क्षेत्र और दुनिया के महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बातचीत हुई। (AK)