अमरीकी सहायता से 150 दाइशी पहुंचे इराक़ः हश्दुश्शाबी
इराक़ के स्वयंसेवी बल ने बताया है कि अमरीका की निगरानी में 150 दाइशी इराक़ पहुंचाए गए हैं।
हश्दुश्शाबी की 44वीं बटालियन के कमांडर ने बताया है कि अमरीका के तथाकथित आतंकवाद विरोधी गठबंधन की निगरानी में आतंकवादी गुट दाइश के 150 सदस्यों को सीरिया से इराक़ पहुंचाया गया है। हमीद अलयासेरी ने गुरूवार को कहा कि सीरिया की सीमा पर तैनात हश्दुश्शाबी के जवानों ने बताया है कि दाइश के इन आतंकवादियों को सीरिया की सीमा से इराक़ में लाया गया है। यह आतंकवादी सेंजार क्षेत्र की ओर गए हैं। हश्दुश्शाबी के कमांडर ने कहा कि अत्याधुनिक ड्रोन के माध्यम से बड़ी सरलता से यह मालूम किया जा सकता है कि सीमावर्ती क्षेत्र में कौन आवाजाही कर रहा है किंतु इराक़ी सीमा पर मौजूद अमरीका का तथाकथित आतंकवाद विरोधी गठबंधन इस बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं है।
इसी बीच सीरिया के सूत्रों ने बुधवार को बताया था कि अमरीकी सैनिकों ने आतंकवादी गुट दाइश के 300 सदस्यों को सीरिया के अलहौल कैंप से इराक़ की सीमा में दाखिल किया है।