इराक़ में क्यों जारी है प्रधानमंत्री पद पर संकट?
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i82452-इराक़_में_क्यों_जारी_है_प्रधानमंत्री_पद_पर_संकट
इराक़ में इस देश के प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी के त्यागपत्र को इराक़ी संसद ने पहली दिसंबर को ही स्वीकार कर लिया था लेकिन अभी तक इराक़ी राष्ट्रपति की ओर से नये प्रधानमंत्री की घोषणा नहीं की गयी।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec २३, २०१९ १२:२६ Asia/Kolkata
  • इराक़ में क्यों जारी है प्रधानमंत्री पद पर संकट?

इराक़ में इस देश के प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी के त्यागपत्र को इराक़ी संसद ने पहली दिसंबर को ही स्वीकार कर लिया था लेकिन अभी तक इराक़ी राष्ट्रपति की ओर से नये प्रधानमंत्री की घोषणा नहीं की गयी।

इराक़ के प्रधानमंत्री की घोषणा न होने के कई कारण हैं। पहला कारण तो इस देश में प्रदर्शन करने वालों का व्यवहार है। वह बगदाद की सड़कों पर इराक़ के भावी प्रधानमंत्रियों का नाम पेश किया जा रहा है अब अगर इराक़ के विभिन्न दल, इनमें से किसी नाम पर सहमत हो जाते हैं तो फिर यह एक गलत परंपरा हो जाएगी और फिर यह भी संभव है कि अगले राष्ट्रपति और संसद सभापति का नाम भी लोग सड़कों पर भी तय करें। दूसरे कारण का संबंध, इराक़ के संविधान से है।

इराक़ी संविधान सन 2005 में अमरीका की देख रेख में तैयार किया गया है इस संविधान के अनुसार संसद में संख्या के लिहाज़ से सब से बड़ा धड़ा, प्रधानमंत्री निर्धारित करेगा लेकिन इराक़ में सब से बड़े धड़े का ही निर्धारण नहीं हो पा रहा है। तीसरी वजह यह है कि बहुत से धड़े जान बूझ कर किसी धड़े को सब से बड़ा नहीं बनने दे रहे हैं। इसके साथ ही वह प्रधानमंत्री के लिए जिस का नाम भी पेश किया जाता है उसका विरोध करते हैं। सायरून और अन्नस्र उन्ही में से हैं । यह प्रदर्शनकारियों की ओर से प्रधानमंत्री का नाम पेश किये जाने पर बल दे रहे हैं जो संसद की भूमिका को प्रभावित कर सकता है।

चौथे कारण का संबंध विदेशी शक्तियों से संबंधित है। कुछ विदेशी पक्ष विशेषकर अमरीका और सऊदी अरब इराक़ में संकट जारी रहने का समर्थन करते हैं और यह कोशिश कर रहे हैं कि जो परिणाम उन्हें पिछले साल होने वाले संसदीय चुनाव में नहीं मिल पाए उसे वह बगदाद की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों की मदद से प्राप्त कर लें। 

इन सब कारणों के आधार पर इराक़ का संकट जारी है लेकिन अगर यह जारी रहा तो इसके बेहद भयानक प्रभाव इराक़ पर पड़ेंगे। अब तो राष्ट्रपति के त्यागपत्र की मांग कई सांसद भी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी और उनके विदेशी समर्थक, इराक़ी संसद को भंग किये जाने का भी प्रयास कर रहे हैं इस लिए सब से अच्छा रास्ता यही है कि सारे दल, एक प्रधानमंत्री पर सहमत हो जाएं यही इराक़ के भविष्य के लिए बेहतर है। (MM)