हलब में सेना का आतंकियों के विरुद्ध व्यापक अभियान
सीरियाई सेना ने हलब में आतंकियों के विरुद्ध व्यापक आप्रेशन शुरु किया है।
सीरिया की सरकारी समाचार एजेन्सी साना की रिपोर्ट के अनुसार, हलब के उपनगरीय क्षेत्रों ख़ान तूमान और ज़ब्बा में सीरिया की सेना की कार्यवाही में बहुत से आतंकी मारे गये जबकि उनके कई टैंक और बक्तरबंद गाड़ियों को तबाह कर दिया गया है। एक और रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया की सेना ने स्वयंसेवी बलों की सहायता से लाज़ेक़िया की उत्तरी पहाड़ियों पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया है।
सीरिया के पश्चिमोत्तरी प्रांत इदलिब के मअर्रतुल नोमान नामक शहर में आतंकियों के ठिकानों पर रूस और सीरिया के युद्धक विमानों ने हमला किया जिसके परिणाम स्वरूप बहुत से आतंकी मारे गये और दर्जनों घायल हुए।
सीरिया की सेना ने हुम्स में भी तदमुर शहर की पूर्वोत्तरी पहाड़ियों से भी आतंकियों को खदेड़ दिया है और हुम्स के उत्तरी क्षेत्रों पर आतंकियों के हमलों को विफल बना दिया। उधर सीरिया की सेना ने दैरिज़्ज़ूर के पूर्वी क्षेत्र में सनाआ के क्षेत्र पर दाइश के हमले को विफल बना दिया। इस कार्यवाही के दौरान दाइश का एक महत्वपूर्ण सरग़ना अवाद दहल मारा गया।
ज्ञात रहे कि सीरिया को 2011 से आतंकियों के हमलों का सामना है जिन्होंने अमरीका और उसके घटकों की सहातया से बश्शार असद की सरकार का तख़्ता उलटने के लिए सीरिया पर हमला किया। (AK)