सेन्चुरी डील के ख़िलाफ़ तेल अविव में प्रदर्शन
अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प की ओर से पेश की गयी "सेन्चुरी डील" नामक योजना के ख़िलाफ़ तेल अविव में लोगों ने प्रदर्शन किया।
इरना के मुताबिक़, ये प्रदर्शन शनिवार की रात को तेल अविव की मुख्य सड़कों पर हुए जिसमें विभिन्न दलों के प्रतिनिधि और मानवाधिकार संगठनों के सदस्य भी मौजूद थे।
प्रदर्शन में शामिल लोगों के हाथों में ऐसे प्लेकार्ड्स थे जिन पर अरबी और हिब्रू भाषाओं में लिखा थाः "दूसरा रास्ता भी मौजूद है", "हम अमरीकी योजना को स्वीकार नहीं करेंगे" और "शांति के लिए तय्यार हैं न कि पश्चिमी तट को देने के लिए"।
अमरीकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को वाइट हाउस में ज़ायोनी प्रधान मंत्री बिनयामिन नेतनयाहू के साथ "सेन्चुरी डील" नामक अमरीकी योजना का अनावरण किया।
"सेन्चुरी डील" अमरीकी सरकार की ओर से नई योजना है जिसका लक्ष्य फ़िलिस्तीनियों को उनके अधिकार से वंचित करना है। यह योजना सऊदी अरब सहित कुछ अरब देशों की रज़मांदी और समर्थन से तय्यार की गयी है। "सेन्चुरी डील" के तहत बैतुल मुक़द्दस को ज़ायोनी शासन के हवाले करने, प्रतिरोध बल को संघर्ष से रोकने और बेघर फ़िलिस्तीनियों की वतन वापसी रोकने का प्रावधान है।
इस डील में पश्चिमी तट के 30 फ़ीसद भाग को ज़ायोनी शासन के हवाले करने का भी प्रावधान है।
इस समझौते का अरब व मुस्लिम जगत में विरोध हो रहा है। (MAQ/N)