इराक़ के नए प्रधान मंत्री कौन हैं? पहचानिए मोहम्मद अल्लावी को
इराक़ी राष्ट्रपति बरहम सालेह ने दो महीने के राजनीतिक गतिरोध के बाद, शनिवार को प्रधान मंत्री आदिल अब्दुल मेहदी की जगह मोहम्मद अल्लावी को नया प्रधान मंत्री नियुक्त कर दिया।
अब्दुल मेहदी ने देश में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण नवंबर के अंत में अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था।
नए प्रधान मंत्री के पास सरकार के गठन के लिए एक महीने का समय है। उन्हें देश में आम चुनावों के आयोजन तक यह ज़िम्मेदारी सौंपी गई है, जिसके लिए अभी कोई तारीख़ निर्धारित नहीं है।
पूर्व संचार मंत्री अल्लावी की नियुक्ति राष्ट्रपति सालेह की उस धमकी के बाद की गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर राजनीतिक दल किसी के नाम पर सहमत नहीं होते हैं तो वे ख़ुद प्रधान मंत्री के लिए कोई उम्मीदवार चुन लेंगे।
मोहम्मद अल्लावी कौन हैं?
65 वर्षीय अल्लावी पूर्व उप राष्ट्रपति और प्रधान मंत्री अयाद अल्लावी के चचेरे भाई हैं। वे बग़दाद के रहने वाले एक शिया मुसलमान हैं।
बग़दाद में प्रारम्भिक शिक्षा के बाद, उन्होंने 1980 के दशक में अमेरिकन यूनिवर्सिटी ऑफ़ बेरुत से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और 2003 में अमरीकी हमले में पूर्व तानाशाह सद्दाम के पतन के बाद अपने राजनीतिक कैरियर की शुरुआत की।
2005 में संसद सदस्य बने और पूर्व प्रधान मंत्री नूरी अल-मालेकी की सरकार में संचार मंत्री बने।
अल्लावी ने अल-मालेकी पर अपने मंत्रालय में राजनीतिक हस्तक्षेप और भ्रष्टाचार को अनदेखा करने का आरोप लगाते हुए 2012 में अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया।
प्रधान मंत्री नियुक्त होने के बाद शनिवार की रात टीवी पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में अल्लावी ने कहाः मैं आप लोगों से वादा करता हूं कि प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों का ख़ून बर्बाद नहीं जाएगा। हमलावरों और अपराधियों को इंसाफ़ के कटहरे में खड़ा किया जाएगा।
इराक़ के नए प्रधान मंत्री ने जवानों के लिए रोज़गार सृजन और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ लड़ाई का भी संकल्प लिया।
उन्होंने देश को संप्रदायवाद और गुटबाज़ी से मुक्त एक स्थिर सरकार देने का भी वादा किया है।
उल्लेखनीय है कि इराक़ के प्रभावशाली धर्मगुरु और नेता मुक़तदा सद्र ने अल्लावी की नियुक्ति का समर्थन किया है। msm