अदनान ज़रफ़ी करेंगे इराक़ की कार्यवाहक सरकार का गठनः बरहम सालेह
इराक़ में कार्यवाहक सरकार गठन करने के लिए "अदनान ज़रफ़ी" को नियुक्त किया गया है।
इराक़ के संचार माध्यमों के अनुसार सोमवार को "अदनान ज़रफ़ी" को इस बात की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है कि वे इस देश में कार्यवाहक सरकार का गठन करें। कहा जा रहा है कि इराक़ के कई राजनैतिक दलों ने इस बात पर आपत्ति जताते हुए अपनी शिकायत राष्ट्रपति बरहम सालेह से की है।
"अदनान ज़रफ़ी" को कार्यवाहक सरकार के गठन की ज़िम्मेदारी देने से पहले इराक़ के नए प्रधानमंत्री "मुहम्मद तौफ़ीक़ अल्लावी" ने 2 मार्च को अपने एक वीडियो संदेश में कैबिनेट बनाने से इन्कार कर दिया था। उन्होंने इसका कारण कुछ राजनैतिक दलों के दबाव को बताया था। इसके बाद इराक़ के राष्ट्रपति "बरहम सालेह" ने एलान किया था कि विभिन्न गुटों से विचार-विमर्ष के बाद आगामी 15 दिनों के भीतर नए प्रधानमंत्री के विकल्प के रूप में किसी नाम का एलान करेंगे।
ज्ञात रहे कि जन विरोध के चलते "आदिल अब्दुल मेहदी" ने 29 नवंबर 2019 को इराक़ के प्रधानमंत्री के पद से त्यागपत्र दे दिया था।