दक्षिणी बग़दाद में अमरीकी सैनिकों की एक छावनी पर राॅकेट हमला
इराक़ की संयुक्त सैन्य कमान ने बताया है कि दक्षिणी बग़दाद की एक छावनी पर, जिसमें कुछ अमरीकी सैनिक तैनात हैं, राॅकेटों से हमला किया गया है।
इस कमान ने मंगलवार को एक बयान जारी करके बताया है कि सोमवार को देर रात मआमिल नहरवान क्षेत्र के कुछ खेतों से दो राॅकेट दक्षिणी बग़दाद की बिसमाया सैन्य छावनी पर फ़ायर किए गए। बयान में इस हमले से होने वाले नुक़सान की ओर संकेत नहीं किया गया है और यह भी नहीं बताया गया है कि इस हमले में कोई हताहत या घायल हुआ है नहीं।
गत बुधवार को भी अमरीकी सैनिकों द्वारा इस्तेमाल की जा रही अत्ताजी सैन्य छावनी पर कई कैट्यूशा मीज़ाइल फ़ायर किए गए जिनमें एक ब्रिटिश और दो अमरीकी सैनिक मारे गए थे जबकि 12 अमरीकी सैनिक घायल भी हुए थे। उसबतुस्साएरीन नामक एक अज्ञात गुट ने अत्ताजी पर हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है और धमकी दी है कि जब तक सभी अमरीकी सैनिक, इराक़ से नहीं निकल जाते तब तक वह अपने देश में अमरीकी व विदेशी सैनिकों के ठिकानों पर हमले जारी रखेगा। (HN)