करबला में नहीं मनाया जाएगा 15 शाबान का समारोह
करबला के गवर्नर ने एलान किया है कि आम लोगों की जान की सुरक्षा और कोरोना वायरस का मुक़ाबला करने के उद्देश्य से इस साल 15 शाबान का समारोह करबला में आयोजित नहीं किया जाएगा।
नसीफ़ अलख़ताबी ने बताया है कि पूरे करबला प्रांत को इराक़ की सेना और पुलिस ने कंट्रोल कर रखा है। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के दृष्टिगत यह फैसला लिया गया है कि इस वर्ष पवित्र नगर करबला में मनाया जाने वाला 15 शाबान का समारोह स्थगित किया जाता है।
ज्ञात रहे कि इराक़ के अधिकारियों ने कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए विभिन्न प्रकार के क़दम उठाए हैं जिनमें से एक फ़िलहाल पवित्र नगर करबला में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के रौज़े की ज़ियारत पर रोक लगा दी गई है। इसी प्रकार करबला में जुमे की नमाज़ नहीं पढ़ाई जा रही है और लोगों से घरों पर नमाज़ें अदा करने को कहा गया है। इसी बीच इराक़ के प्रधानमंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि मंत्रीमण्डल की बैठक में 11 अप्रैल तक निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इराक़ में अबतक कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 382 है जिनमें से 36 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है। वहां पर 105 लोगों का सफलतापूर्व इलाज करके उन्हें वापस घरों को भेजा गया है।