दाइश का मुक़ाबला करने में सक्षम हैंः इराक़ी सेना
इराक़ के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि छावनियों से अमरीकी सैनिकों के निकलने से इराक़ की सुरक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
इराक़ के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता यहया रसूल ने बुधवार को कहा है कि देश की कुछ छावनियों से अमरीकी सैनिकों के निकलने से न तो इराक़ की सुरक्षा पर कोई प्रभाव पड़ेगा और न ही इससे दाइश के विरुद्ध की जाने वाली कार्यवाही प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि इराक़ की सेना देश की सुरक्षा को सुनिश्चित बना चुकी है जिसके कारण दाइश के आतंकवादियों को इराक़ से खदेड़ा जा चुका है। यहया रसूल का कहना था कि दाइश के बचे खुचे तत्वों से संघर्ष किया जा रहा है। उनका कहना था कि इराक़ की सेना में दाइश के आतंकवादियों से मुक़ाबले की पूरी क्षमता है।
ज्ञात रहे कि पिछले दो सप्ताहों के दौरान अमरीका ने इराक में स्थित सैन्य छावनियों से अपने सैनिक निकालने आरंभ कर दिये हैं। कुछ इराक़ी सूत्रों का कहना है कि इराक़ के प्रतिरोधक संगठनों के हमलों के डर से अमरीका ने यह काम आरंभ किया है।