इराक़, नये प्रधानमंत्री को मंत्रीमंडल के गठन की मिली ज़िम्मेदारी
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i86072-इराक़_नये_प्रधानमंत्री_को_मंत्रीमंडल_के_गठन_की_मिली_ज़िम्मेदारी
इराक़ के राष्ट्रपति ने देश की सुरक्षा संस्था के प्रमुख मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी को नया मंत्रीमंडल गठित करने की ज़िम्मेदारी सौंपी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr ०९, २०२० १८:०२ Asia/Kolkata
  • इराक़, नये प्रधानमंत्री को मंत्रीमंडल के गठन की मिली ज़िम्मेदारी

इराक़ के राष्ट्रपति ने देश की सुरक्षा संस्था के प्रमुख मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी को नया मंत्रीमंडल गठित करने की ज़िम्मेदारी सौंपी है।

इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार अदनान ज़रफ़ी के मंत्रीमंडल के गठन की ज़िम्मेदारी से हटने के बाद राष्ट्रपति बरहम सालेह ने देश के विभिन्न राजनैतिक धड़ों और पार्टियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में गुरुवार को मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी को मंत्रीमंडल के गठन की ज़िम्मेदारी सौंपी।

मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी के पास मंत्रीमंडल के गठन और संसद से विश्वास मत हासिल करने के लिए एक महीने का समय होगा।

इराक़ के विभिन्न राजनैतिक धड़ों के विरोध के बाद अदनान ज़रफ़ी ने आज मंत्रीमंडल के गठन की ज़िम्मेदारी से हटने का एलान कर दिया था।

इससे पहले यह रिपोर्ट आई थी कि इराक़ में नये नामज़द प्रधानमंत्री मुस्तफ़ अलकाज़ेमी मंत्रीमंडल का गठन करेंगे।

सूमरिया न्यूज़ वेबसाइट ने बताया कि नये नामज़द प्रधानमंत्री मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी गुरुवार को अंतरिम सरकार का गठन करेंगे।

इराक़ के एक प्रसिद्ध राजनेता का कहना है कि आशा है कि राष्ट्रपति बरहम साले गुरुवार को मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी को नये मंत्रीमंडल के गठन का निमंत्रण देंगे।

इससे पहले  इराक़ की अलहिकमत पार्टी से संबंध रखने वाले सांसद हसन फ़दअम ने बताया है कि महत्वपूर्ण संसदीय दलों की बैठक अलफ़त्ह अलाएंस के प्रमुख हादी अलआमेरी के आवास पर आयोजित हुआ जिसमें अदनान ज़रफ़ी की जगह किसी और व्यक्ति को प्रधानमंत्री नामज़द करने के मामले पर विचार किया गया।

उन्होंने बताया कि इस बैठक में क़ानून की संप्रभुता पार्टी, अलहिकमत पार्टी और अलअता आंदोलन के अतिरिक्त कुछ दूसरी राजनैतिक पार्टियों और धड़ों के नेताओं ने भी भाग लिया। हसन फ़दअम के अनुसार इस बैठक में अदनान ज़रफ़ी की जगह प्रधानमंत्री पद के लिए मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी का नाम राष्ट्रपति को पेश करने का फ़ैसला किया गया। (AK)