इराक़ के साथ वार्ता के इच्छुक हैंः अमरीका
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i86126-इराक़_के_साथ_वार्ता_के_इच्छुक_हैंः_अमरीका
अमरीकी सरकार ने दावा किया है कि वह इराक़ के साथ स्ट्रैटेजिक वार्ता करने जा रही है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr ११, २०२० १३:२५ Asia/Kolkata
  •  इराक़ के साथ वार्ता के इच्छुक हैंः अमरीका

अमरीकी सरकार ने दावा किया है कि वह इराक़ के साथ स्ट्रैटेजिक वार्ता करने जा रही है।

इराक़ की अलमामूला न्यूज़ एजेन्सी के अनुसार अमरीका के विदेश उपमंत्री डेविड शेंकर ने कहा है कि इराक़ के साथ स्ट्रैटेजिक वार्ता के लिए टीम का गठन कर लिया गया है।  उन्होंने बताया है कि अमरीका के रक्षा एवं वित्त मंत्रालय सहित कई मंत्रालयों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ कूटनयिक डेविड हेल के नेतृत्व में वार्ताकारों की टीम के रूप में इराक़ के साथ वार्ता करेंगे।

बुधवार को इराक़ के त्यागपत्र दे चुके प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल मेहदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में अमरीका की ओर से इराक़ के साथ वार्ता के लिए भेजे गए पत्र के संदर्भ में कहा था कि अमरीका, इराक़ में अपने सैनिकों को भविष्य में बाक़ी रखने के बारे में किसी सहमति पर पहुंचना चाहता है।  उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में विदेशी सैनिक केवल तीन इराक़ी छावनियों में ही मौजूद हैं।

इराक़ के विदेशमंत्री मुहम्मद अली अलहकीम ने ट्वीट किया है कि देश के गृह मंत्रालय को अमरीका की ओर से स्ट्रैटेजिक वार्ता की मांग पर आधारित एक पत्र मिला है।  कहा जा रहा है कि अमरीका ने इस पत्र में बताया है कि वह इराक़ से अपने सैनिकों की वापसी का प्रयास कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि अमरीका ने इराक़ में कई बार वहां के स्वयंसेवी बल "हश्दुश्शाबी" के ठिकानों पर बमबारी की है।  इसी बीच इराक़ के हिज़बुल्लाह ने अपने संदेश में अमरीका को चेतावनी दी है कि वह इराक़ से अपने सैनिकों को फौरन निकाल ले क्योंकि देश के प्रतिरोधक गुट अब अधिक समय तक संयम नहीं रख सकते।