दाइश अब इराक़ में सिर नहीं उठा पाएगाः इराक़ी सेना
इराक़ की सेना ने एलान किया है कि दाइश को इतनी बुरी तरह से पराजित किया गया है कि यह आतंकी गुट अब इराक़ में सिर उठा नहीं सकेगा।
इराक़ की सेना के प्रवक्ता "तहसीन अलख़फ़्फ़ाजी" ने मंगलवार को इराक़ के कुछ हिस्सों में तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश की कार्यवाहियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि यह कार्यवाहियां, उनका मनोबल बढ़ाने के लिए करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इराक़ में दाइश को इस तरह से कुचल दिया गया है कि अब वह यहां पर सिर उठा ही नहीं सकता। उन्होंने कहा कि हालिया आतंकवादी कार्यवाहियों का मुख्य लक्ष्य, इस आतंकी संगठन के मनोबल को ऊंचा करना है ताकि उसको दूसरे लक्ष्यों के लिए प्रयोग किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि इराक़ के हिज़बुल्लाह के प्रवक्ता इससे पहले कह चुके हैं कि हालिया दिनों में इराक़ के विभिन्न प्रांतों में दाइश ने जो आतंकवादी कार्यवाहियां की हैं वे वास्तव में अमरीका तथा सऊदी अरब की संयुक्त योजना का भाग हैं। उन्होंने बताया कि इराक़ पर राजनीतिक लक्ष्यों को थोपने के लिए दाइश से यह कार्यवाहियां करवाई जा रही हैं।