सऊदी अरब में पूर्व नरेश शाह अब्दुल्लाह के बेटे गिरफ़तार!
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i87178-सऊदी_अरब_में_पूर्व_नरेश_शाह_अब्दुल्लाह_के_बेटे_गिरफ़तार!
अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ह्यूमन राइट्स वाच का कहना है कि सऊदी अरब ने पूर्व नरेश अब्दुल्लाह बिन अब्दुल अज़ीज़ के बेटे फ़ैसल बिन अब्दुल्लाह को गिरफ़तार कर लिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०९, २०२० १३:०५ Asia/Kolkata
  • सऊदी अरब में पूर्व नरेश शाह अब्दुल्लाह के बेटे गिरफ़तार!

अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संस्था ह्यूमन राइट्स वाच का कहना है कि सऊदी अरब ने पूर्व नरेश अब्दुल्लाह बिन अब्दुल अज़ीज़ के बेटे फ़ैसल बिन अब्दुल्लाह को गिरफ़तार कर लिया है।

संस्था का कहना है कि फ़ैसल बिन अब्दुल्लाह को गिरफ़तार करके कहां रख गया है इस बारे में किसी को कुछ नहीं मालूम है।

पूर्व नरेश शाह अब्दुल्लाह के परिवार के क़रीबी सूत्रों का कहना है कि किसी को भी नहीं बताया गया है कि फ़ैसल को गिरफ़तार करने के बाद कहां ले जाया गया है। फ़ैसल बिन अब्दुल्लाह के परिवार का कहना है कि वह दिल के मरीज़ हैं इसलिए उनके स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता है।

मानवाधिकार संस्था का कहना है कि सऊदी प्रशासन के रवैए की दुनिया भर में आलोचना हो रही है मगर रियाज़ सरकार फिर भी अपने अंदर कोई बदलाव लाने पर तैयार नहीं है।

इससे पहले नवम्बर 2017 में भी फ़ैसल बिन अब्दुल्लाह को गिरफ़तार कर लिया गया था और उस समय गिरफ़तार किए गए 300 से अधिक राजकुमारों और उद्योगपतियों के साथ उन्हें रिट्ज़ कार्लटन होटल में रखा गया था। इन लोगों पर दबाव डालकर पैसे वसूल किए गए थे और फिर रिहा कर दिया गया था। दिसम्बर 2017 में अब्दुल्लाह को भी उस समय रिहाई मिल गई थी जब उन्होंने अपनी पूंजी का एक बड़ा भाग देने पर रज़ामंदी ज़ाहिर कर दी  थी।

फ़ैसल को क़ैद से रिहाई तो मिल गई थी लेकिन उनकी विदेश यात्रा पर रोक लगी हुई थी।

गत 27 मार्च 2020 को सुरक्षा बलों ने एक बार फिर पूर्वोत्तरी रियाज़ में उनके आवास पर छापा मारा जहां कोरोना वायरस के कारण फ़ैसल बिन अब्दुल्लाह सेल्फ़ आइसोलेशन में थे, और उन्हें वजह बताए बग़ैर गिरफ़तार कर लिया।