दाइश के आतंकियों के ख़िलाफ़ इराक़ी बलों की सफल कार्यवाही
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i87561-दाइश_के_आतंकियों_के_ख़िलाफ़_इराक़ी_बलों_की_सफल_कार्यवाही
इराक़ी सेना और स्वयं सेवी बलों ने देश के पूर्वी प्रांत दियाला में दाइश के आतंकियों के ख़िलाफ़ अपने अभियान को सफलता के साथ ख़त्म कर दिया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May २०, २०२० ०४:५२ Asia/Kolkata
  • दाइश के आतंकियों के ख़िलाफ़ इराक़ी बलों की सफल कार्यवाही

इराक़ी सेना और स्वयं सेवी बलों ने देश के पूर्वी प्रांत दियाला में दाइश के आतंकियों के ख़िलाफ़ अपने अभियान को सफलता के साथ ख़त्म कर दिया है।

इराक़ी सेना और हश्दुश्शाबी ने दियाला के शहर सादिया के मरुस्थलीय इलाक़ों को आतंकियों से साफ़ करने की कार्यवाही सफलता के साथ समाप्त कर दी है। इराक़ी सेना ने एक बयान जारी करके कहा है कि इस अभियान में, जो ईरान की पश्चिमी सीमा से साठ किलो मीटर की दूरी पर चलाया गया, तकफ़ीरी आतंकी गुट दाइश के कई आतंकी मारे गए और उनके कई ठिकाने भी तबाह कर दिए गए। दाइश के आतंकी पिछले एक महीने से इराक़ के उत्तरी, पश्चिमी व पूर्वी इलाक़ों में गतिविधियां कर रहे थे। सन 2017 में बुरी तरह से पराजित होने के बाद इस आतंकी गुट ने सलाहुद्दीन, दियाला, नैनवा व अलअंबार प्रांतों में फिर से सिर उठाने की कोशिश की है।

 

इराक़ की सेना और स्वयं सेवी बल हश्दुश्शाबी ने इस दौरान इस आतंकी गुट के सदस्यों का पीछा करने, उन्हें पकड़ने या उनका अंत करने के लिए इन प्रांतों में दसियों कार्यवाहियां अंजाम दी हैं। कुछ टीकाकारों का कहना है कि इराक़ की संसद में इस देश से सभी अमरीकी सैनिकों को बाहर निकालने का बिल पास होने की वजह से अमरीका, आतंकियों का भरपूर समर्थन कर रहा है ताकि इराक़ में उनकी आतंकी कार्यवाहियों का बहाना बना कर इस देश में अपनी अवैध सैन्य उपस्थिति को जारी रख सके। (HN)