क्षेत्र में अभी भी सक्रिय हैं हज़ारों दाइशीः यहया रसूल
इराक़ी सेना के प्रवक्ता ने बताया है कि इराक और सीरिया के सीमावर्ती क्षेत्रों में 70 हज़ार से अधिक दाइशी सक्रिय हैं।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार यहया रसूल ने कहा कि सीरिया से मिलने वाले इराक़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में 70 हज़ार से अधिक दाइशी सक्रिय हैं। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि इस समय दाइश के आतंकवादी बिखरे हुए और अक्षम हैं।
यहया रसूल ने कहा कि दाइश के सदस्य, समय-समय पर आतंकवादी गतिविधियां करके अपने अस्तित्व को सिद्ध करने के प्रयास करते हैं। उनका कहना था कि दाइश में अब किसी भी क्षेत्र पर नियंत्रण करने की क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा कि इराक़ में हालिया दिनों में होने वाले विरोध प्रदर्शनों और कोरोना ने सुरक्षाबलों को प्रभावित तो किया है किंतु वे थके नहीं हैं।उल्लेखनीय है कि इराक़ की ख़ुफ़िया एजेंसी ने तकफ़ीरी आतंकवादी गुट दाइश के पूर्व सरग़ना अबूबक्र अल-बग़दादी के संभावित उत्तराधिकारी को हाल ही में गिरफ़्तार किया है। अल-बग़दादी के संभावित उत्तराधिकारी की गिरफ़्तारी को आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में इराक़ी सुरक्षा बलों और ख़ुफ़िया एजेंसियों की बड़ी जीत माना जा रहा है।