लेबनान के विदेश मंत्री ने दिया इस्तीफ़ा
लेबनान के विदेश मंत्री ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है उन्होंने अपना त्यागपत्र लेबनान के प्रधानमंत्री हसन दय्याब को सौंप दिया है।
समाचार एजेंसी फ़ार्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, लेबनान के विदेश मंत्री नासेफ़ हती ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया। उन्होंने अपने त्याग पत्र देने के कारण का उल्लेख करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के दृष्टिगत वांछित सुधार करने के लिए राष्ट्रीय दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति की कमी के कारण वह अपने पद से इस्तीफ़ा दे रहे हैं। नासेफ़ हती ने अपने बयान में उन सभी लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें विदेश मंत्रालय का पद देकर उनपर अपना विश्वास जताया था। उन्हेंने कहा कि, भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ लेबनानी जनता द्वारा किए जा रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच इस तरह का पदभार ग्रहण करना और एक बड़ी ज़िम्मेदारी का निभाना आसान नहीं था।
उल्लेखनीय है कि लेबनान पिछले कई महीनों से डॉलर के मुक़ाबले में इस देश की राष्ट्रीय मुद्रा के मूल्यों में आई गिरावट की वजह से आम जनता द्वारा किए जा रहे विशाल विरोध-प्रदर्शनों का साक्षी बना हुआ है। साथ ही लेबनान इस समय आर्थिक संकट से भी जूझ रहा है। इस संबंध में लेबनान के प्रधानमंत्री सहित कई उच्च अधिकारियों ने कुछ विदेशी देशों द्वारा इस देश के ख़िलाफ़ की जा रही साज़िशों के संबंध में चेतावनी दे चुके हैं। (RZ)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए