दाइश की पराजय की तीसरी वर्षगांठ
इराक़ में आतंकवादी संगठन दाइश की पराजय की तीसरी वर्षगांठ मनाई गई।
इराक़ के स्वयंसेवीबल हश्दुश्शाबी के प्रमुख ने कहा है कि यह संगठन, इराक़ की सुरक्षा के प्रति संकल्पित है।
आतंकवादी गुट दाइश की पराजय के बारे में गुरूवार की रात आयोजित एक समारोह में फ़ालेह अलफय्याज़ ने कहा कि हश्दुश्शाबी, इराक़ और इराक़ में मौजूद पवित्र स्थलों की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है। उनका कहना था कि यह स्वयंसेवी संगठन, इराक़ी व्यवस्था में एसी शक्ति है जो देश के लिए अपने प्राण तक न्योछावर करने को तैयार है। हश्दुश्शाबी के प्रमुख ने कहा कि दाइश के विरुद्ध इस स्वयंसेवी बल की कार्यवाही ने संसार को आश्चर्य चकित कर दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्यवाही ने दोस्तों को खुश किया जबकि इससे शत्रु बहुत नाराज़ है। फालेह अलफय्याज़ ने यह भी कहा कि दाइश जैसे कुख्यात आतंकी गुट को पराजित करने में शहीद क़ासिम सुलैमानी और शहीद अबूमेंहदी अलमोहंदिस की भूमिकाओं को अनदेखा नहीं किया जा सकता।
याद रहे कि सन 2014 में इराक़ के वरिष्ठ शियाधर्मगुरू आयतुल्लाह सीस्तानी के फत्वे के आधार पर इराक़ में स्वयंसेवी संगठन हश्दुश्शाबी का गठन किया गया था जिसने इस देश से दाइश को निकाल बाहर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह संगठन अब भी इराक़ के विभिन्र क्षेत्रों में दाइश के बचे-खुचे तत्वों के विरुद्ध कार्यवाहियां करता रहता है।