क्या संबंध बहाल करने के लिए तुर्की की शर्त इस्राईल मानेगा?
इस्राईल से संबंध सामान्य करने के लिए तुर्की ने कुछ शर्त रखी हैं।
तुर्क राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने अंकारा द्वारा निर्धारित शर्त के परिप्रेक्ष्य में इस्राईल के साथ जारी तुर्की की बातचीत के अंतिम चरण में पहुंचने का उल्लेख करते हुए कहा कि निकट भविष्य में दौरे की योजना है।
इब्राहीम कालीन ने कहा कि मरमरा नौका पर अतिक्रमण के नतीजे में बलि चढ़ने वालों के परिवारों को हर्जाना देने और ग़ज़्ज़ा की नाकाबंदी ख़त्म होने के संबंध में अंतिम सहमति के बाद ही आपसी संबंधों को सामान्य बनाने की योजना आगे बढ़ेगी। उन्होंने दावा किया कि इस्राईल के साथ संबंध सामान्य होना ग़ज़्ज़ा की नाकाबंदी ख़त्म होने और मरमरा नौका के पीड़ितों को हर्जाना देने पर निर्भर है।
ज्ञात रहे इस्राईल ने ग़ज़्ज़ा पट्टी की 2007 से नाकाबंदी कर रखी है जिसके कारण इस क्षेत्र के 15 लाख नागरिक मूल सुविधाओं से वंचित हैं।
दूसरी ओर तुर्क राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने कहा है कि तुर्की-रूस के बीच मतभेद के बावजूद, अंकारा इन संबंधों को बलि नहीं बनने देगा।
स्पुटनिक न्यूज़ के अनुसार, इब्राहीम कालीन ने कहा कि तुर्की और रूस के बीच संबंध में विस्तार के लिए अंकारा गंभीर प्रयास कर रहा है।
(MAQ/N)