इस्राईल में सेना अलर्ट, फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधकर्ता का सैन्य अभ्यास शुरू
https://parstoday.ir/hi/news/west_asia-i93433-इस्राईल_में_सेना_अलर्ट_फ़िलिस्तीनी_प्रतिरोधकर्ता_का_सैन्य_अभ्यास_शुरू
फ़िलिस्तीन के प्रतिरोधकर्ताओं के सैन्य अभ्यास के कारण इस्राईल में सेना को अलर्ट कर दिया गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec २९, २०२० १९:२२ Asia/Kolkata
  • इस्राईल में सेना अलर्ट, फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधकर्ता का सैन्य अभ्यास शुरू

फ़िलिस्तीन के प्रतिरोधकर्ताओं के सैन्य अभ्यास के कारण इस्राईल में सेना को अलर्ट कर दिया गया है।

फ़िलिस्तीनी प्रतिरोधकर्ताओं के संयुक्त सैन्य अभ्यास होने के साथ ही ज़ायोनी सेना भी हरकत में आ गई है।  अलमयादीन टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार ग़ज़्ज़ा में किये जाने वाले इस सैन्य अभ्यास के साथ ही जहां ज़ायोनी सेना को अलर्ट कर दिया गया है वहीं पर फ़िलिस्तीनियों के सैन्य अभ्यास से संबन्धित जानकारियों को भी एकत्रित किया जा रहा है।यह युद्ध अभ्यास ग़ज़्ज़ा पट्टी की उत्तरी से दक्षिणी सीमाओं पर किया जा रहा है।

"मज़बूत सहारा" के नाम से आयोजित होने वाले इस सैन्य अभ्यास में जंगी गोले फ़ायर किए गए।  फ़िलिस्तीन के जेहादे इस्लामी संगठन की सैन्य शाखा क़ुद्स ब्रिगेड के प्रवक्ता अबू हमज़ा ने मंगलवार को बताया कि फ़िलिस्तीनी गुटों का सैन्य अभ्यास, फ़िलिस्तीनी राष्ट्र की रक्षा के लिए प्रतिरोध की तैयारी पर बल के अर्थ में है।  अबू हमज़ा ने बताया कि आज फ़िलिस्तीनी, दुश्मन का मुक़ाबला करने के लिए पहले से ज़्यादा ताक़तवर हो चुके हैं।  उन्होंने कहा कि सांठ-गांठ करने वाले और ज़ायोनियों के पिट्ठू, कभी भी अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि फ़िलिस्तीन के प्रतिरोधकर्ता गुटों की संयुक्त कमान ने पिछले हफ़्ते इस सैन्य अभ्यास के आयोजन की सूचना दी थी।  बताया गया था कि यह सैन्य अभ्यास, प्रतिरोधक गुटों के सहयोग और संयुक्त कार्यवाहियों को अधिक मज़बूत बनाने के परिप्रेक्ष्य में आयोजित होगा। इस्राईल, पहले से ही फ़िलिस्तीनी गुटों के इस सैन्य अभ्यास पर गहरी चिंता जता चुका है और इसके आरंभ होने के बाद बहुत घबराया हुआ है।