सीरिया में दाइश के अनेक आतंकी ढेर
सीरिया की सेना ने आतंकी गुट दाइश के विरुद्ध अपनी कार्यवाही जारी रखते हुए होम्स प्रांत में इस गुट को भारी क्षति पहुंचाई।
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी साना की रिपोर्ट के अनुसार सीरियाई सेना के युद्धक विमानों ने होम्स प्रांत के पालमीरा नगर के उत्तर में दाइश के आतंकियों के ठिकानों पर हमले करके बड़ी संख्या में आतंकियों को मार गिराया और उनके बहुत से सैन्य उपकरणों को ध्वस्त कर दिया। सीरिया सेना ने इसी प्रकार देश के दक्षिण में स्थित दरआ नगर में नुस्रा फ़्रंट के एक गुप्त ठिकाने पर बमबारी की।
दूसरी ओर आतंकी गुट नुस्रा फ़्रंट ने हलब के एक मुहल्ले में दो आम नागरिकों की हत्या कर दी और छः अन्य लोगों को घायल कर दिया। आतंकी गुटों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों के आवासीय मुहल्लों पर किए गए मार्टर हमलों में भी अनेक सीरियाई नागरिक हताहत और घायल हुए हैं। (HN)