इराक़ में बढ़ सकते हैं अल्पसंख्यकों के विरुद्ध दाइश के हमले
एक फ़्रांसीसी संगठन का कहना है कि इराक़ में अल्पसंख्यकों के विरुद्ध दाइश के आक्रमणों में वृद्धि हो सकती है।
लोफ़िगारो समाचारपत्र के अनुसार फ़्रांस में मानवाधिकारों विशेषकर अल्पसांख्यकों का समर्थन करने वाले एक संगठन ने बयान जारी करके घोषणा की है कि इराक़ में रहने वाले अल्पसंख्यकों विशेषकर इसाइयों और ईज़दियों की जान की सुरक्षा आवश्यक है।
इस संगठन के प्रमुख पेट्रिक कराम ने स्पष्ट किया है कि आतंकवादी गुट दाइश के हमलों के कारण इराक़ के अल्पसंख्यकों के बीच भय व्याप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि एेसे में उनका समर्थन करना आवश्यक है।
इससे पहले इराक़ के एक इसाई वरिष्ठ धर्मगुरू पैट्रिक लुइस ने कहा था कि इराक़ में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए उचित नीति अपनाई जाए।
ज्ञात रहे कि जून 2014 से दाइश ने इराक़ में जो उत्पात मचा रखा है उसमें हज़ारों लोग मारे गए और लाखों बेघर हो गए।