तुर्की और क़तर ने आरंभ किया सैन्य अभ्यास
जानकार सूत्रों ने बताया है कि क़तर और तुर्की के फ़ार्स की खाड़ी में संयुक्त सैन्य अभ्यास आरंभ किया है।
इर्ना के अनुसार "अलअदील-2021" के नाम से यह संयुक्त सैन्य अभ्यास मंगलवार 2 मार्च से आरंभ हुआ है जो 31 मार्च 2021 तक जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि क़तर और तुर्की के बीच सैन्य सहयोग में विस्तार और क़तर की सैन्य क्षमता को मज़बूत करना इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य है।
इससे पहले आतंकवाद के मुक़ाबले में संघर्ष के लिए अपनी क्षमता के मूल्यांकन के उद्देश्य से दोनो देशों के सैनिकों ने क़तर की राजधानी दोहा के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त परेड की थी।
तुर्की और क़तर के संबन्ध 2017 की गर्मियों के मौसम से अधिक मज़बूत हो रहे हैं। दोनो देशों के बीच सैन्य समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए हैं। इस सैन्य समझौते के अनुसार क़तर के भीतर तुर्की की सैन्य छावनी बनाई जाएगी।
इससे पहले तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान कह चुके हैं कि क़तर में तुर्की की सैनिक उपस्थिति, पूरे फ़ार्स खाड़ी के इलाक़े की शांति व स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है।