आत्मघाती हमलावर से लिपट जाने वाला इराक़ी पुलिसकर्मी शहीद
इराक़ के एक पुलिसकर्मी ने आश्चर्यजनक साहस व बलिदान का प्रदर्शन करते हुए एक आत्मघाती हमलावर को अपनी बांहों में लपेट लिया और अपनी जान देकर कई निर्दोष लोगों की जान बचा ली।
अलआलम टीवी की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी बग़दाद के अलजदीदा इलाक़े में एक आत्मघाती हमलावर विस्फोटकों से भरी बैल्ट और जैकट को उड़ाना ही चाहता था कि एक पुलिसकर्मी आकर उससे लिपट गया और इस प्रकार उसने बहुत सारे लोगों की जान बचा ली लेकिन इसमें उसे अपनी जान का बलिदान देना पड़ा। इराक़ की ऑप्रश्नल कमान ने इस साहसी पुलिसकर्मी की शहादत की ओर संकेत करते हुए एक बयान में कहा है कि इस बलिदानी पुलिसकर्मी ने नागरिकों की जान बचाने के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इस घटना में दो अन्य पुलिसकर्मी भी शहीद हुए।
इस विस्फोट में कुल मिला कर सात व्यक्ति हताहत और 12 घायल हुए। बग़दाद का अलजदीदा इलाक़ा उन क्षेत्रों में से है जहां शिया मुसलमानों की अधिक आबादी है और वहां आत्मघाती विस्फोट और कार बम विस्फोट जैसी आतंकी कार्यवाहियां आए दिन होती रहती हैं। (HN)