बग़दाद के शिया बाहुल्य क्षेत्र में धमाका कई हताहत और घायल
बग़दाद के सद्र सिटी क्षेत्र में हुए भीषण विस्फोट में कई लोगों के हताहत और घायल होने की सूचना है।
अलजज़ीरा टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार इराक़ की राजधानी बग़दाद में शिया बाहुल्य क्षेत्र सद्र सिटी में गुरूवार को भीषण विस्फोट हुआ। यह विस्फोट सद्र सिटी के अलहबीबिया क्षेत्र में हुआ।
इराक़ी सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि इस विस्फोट से कम से कम 4 लोग मारे गए और 17 अन्य घायल हो गए। सूत्रों का कहना है कि यह एक कार बम विस्फोट था। विस्फोटक पदार्थों से भरी कार को एक व्यस्त सड़क पर पार्क किया गया था। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद आसमान में धुएं के काले बादल दिखाई दे रहे थे। विस्फोट के कारण कम से कम 3 कारें पूरी तरह से जल गईं।
इससे पहले सुरक्षा बलों ने बताया था कि विस्फोट से 3 लोग मारे गए और 12 घायल हो गए। इस बारे में अभी विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा है।