इराक़ के वरिष्ठ धर्म गुरू से मुक़्तदा सद्र की मुलाक़ात
इराक़ में सद्र धड़े के प्रमुख ने इस देश के शिया मुसलमानों के वरिष्ठ धर्म गुरू आयतुल्लाह सीस्तानी से मुलाक़ात की है।
मुक़्तदा सद्र ने इराक़ के दक्षिण में स्थित इस देश के पवित्र नगर नजफ़ में आयतुल्लाह सीस्तानी से मुलाक़ात करके देश के राजनैतिक संकट के बारे में उनसे विचार-विमर्श किया। उन्होंने बग़दाद के ग्रीन ज़ोन में एक पत्रकार सम्मेलन में कहा कि सद्र गुट की सभी राजनैतिक गतिविधियां बंद कर दी गई हैं और संसद में इस गुट का धड़ा अलअहरार, संसद की सभी बैठकों का बहिष्कार करेगा। सद्र ने कहा कि इराक़ में अब भी कुछ लोग सरकार गठन के लिए राजनैतिक व दलगत भाग मांगने पर अड़े हुए हैं जबकि सद्र गुट जनता की मांगों का समर्थक है अतः वह सरकार में राजनैतिक व दलगत भाग मांगने वालों के विरुद्ध जनता के आंदोलन की प्रतीक्षा करेगा।
ज्ञात रहे कि शनिवार को इस गुट के समर्थक बग़दाद के ग्रीन ज़ोन में सभी रुकावटों को पार करते हुए संसद में घुस गए थे जिसके बाद मुक़तदा सद्र ने अपने समर्थकों से अपील की है कि वे संसद और मंत्रीमंडल की इमारतों से बाहर निकल आएं। इराक़ में प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी के नए मंत्रीमंडल के सदस्यों के नामों की घोषणा के बाद राजनैतिक दलों में मतभेद बढ़ गया है। कुछ दल चाहते हैं कि संसद में आवश्यक सीटें न होने के बावजूद उनके मनोनीत लोगों को मंत्रीमंडल में स्थान दिया जाए। (HN)