हलब में आतंकी हमलों में 25 व्यक्ति हताहत
सीरिया के पश्चिमोत्तर में स्थित हलब शहर के दो आवासीय इलाक़ों पर आतंकियों के हमलों में कम से कम 25 लोग मारे गए हैं।
सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी साना की रिपोर्ट के अनुसार नुस्रा फ़्रंट के आतंकियों ने जिसका संबंध अलक़ाएदा से है, शनिवार को नील व हमदानिया नामक हलब के मुहल्लों पर हमला किया जिसमें कम से कम 25 लोग हताहत और कई अन्य घायल हो गए। इनमें से कई लोगों ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। आतंकियों ने इसी तरह हलब की नगर पालिका और एक मशहूर चौक पर भी हमला किया जिसके चलते सरकारी संपत्ति को भारी क्षति पहुंची।
सीरिया में संघर्ष विराम की घोषणा के बावजूद पिछले कुछ दिनों से भीषण झड़पें हो रही हैं। आतंकियों ने शुक्रवार को हलब की एक मस्जिद पर हमला कर दिया था जिसमें 15 व्यक्ति हताहत और 30 अन्य घायल हो गए थे। यह हमला उस समय किया गया जब लोग जुमे की नमाज़ पढ़ कर मस्जिद से बाहर निकल रहे थे। (HN)