तनावपूर्ण संबन्धों के बीच बाइडन और अर्दोग़ान की भेंट
https://parstoday.ir/hi/news/world-i100142-तनावपूर्ण_संबन्धों_के_बीच_बाइडन_और_अर्दोग़ान_की_भेंट
अमरीका और तुर्की के तनावपूर्ण संबन्धों के बीच दोनो देशों के राष्ट्रपतियों ने नाटो की शिखर बैठक के इतर ब्रसल्ज़ में मुलाक़ात की है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun १४, २०२१ १४:१३ Asia/Kolkata
  • तनावपूर्ण संबन्धों के बीच बाइडन और अर्दोग़ान की भेंट

अमरीका और तुर्की के तनावपूर्ण संबन्धों के बीच दोनो देशों के राष्ट्रपतियों ने नाटो की शिखर बैठक के इतर ब्रसल्ज़ में मुलाक़ात की है।

इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन तथा तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोग़ान के बीच भेंटवार्ता में अमरीकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि वे द्विपक्षीय संबन्धों को मज़बूत करने के पक्ष में हैं।

यह एसी स्थिति में है कि जब अर्दोग़ान ने अमरीका की कई कंपनियों के महाप्रबंधकों के साथ वर्चुअल मीटिंग में पुनः अर्मनियों के जनसंहार को आधिकारिक रूप से स्वीकार करने की बाइडेन की कार्यवाही की आलोचना करते हुए कहा कि यह काम, तुर्की और अमरीका के संबन्धों के ख़राब होने का कारण बनेगा।

उन्होंने इसी के साथ अलमोनियम और स्पात के क्षेत्र में अमरीका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हम अमरीका से यह आशा रखते हैं कि वह तुर्की के बारे में रचात्मक रवैया अपनाए।

याद रहे कि तुर्की में सन 2016 में होने वाले विफल सैन्य विद्रोह और इस विद्रोह में अमरीका की भूमिका को लेकर तुर्की ने अमरीका के साथ अपने संबन्ध सीमित कर लिए।  इसके अतिरिक्त तुर्की के अनुसार सैन्य विद्रोह के मास्टर माइंड फ़त्हुल्लाह गोलेन के अमरीका से प्रत्यर्पण में अमरीका की ओर से आनाकानी के कारण भी दोनो देशों के बीच संबन्धों में तनाव पैदा हो गया।

तुर्की और अमरीका के बीच तनाव का एक अन्य कारण तुर्की द्वारा रूस से एस-400 मिसाइल सिस्टम की ख़रीदारी का मुद्दा है।

इन सारी बातों के अतिरिक्त तुर्की की जनता कई बार विरोध करके अपने देश में अमरीकी सैन्य छावनी को समाप्त करने और वहां से अमरीकी सैनिकों की वापसी की मांग करती रही है।