अमरीका को पूरी ज़िम्मेदारी के साथ अफ़ग़ानिस्तान से निकलना चाहिएः चीन
चीन ने अफ़ग़ानिस्तान की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए अमरीका से कहा है कि वह इस देश से पूरी ज़िम्मेदारी के साथ वापस हो।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि अफ़ग़ानिस्तान की स्थिति को प्रभावित करने वाले विदेशी कारक के रूप में अमरीका की ज़िम्मेदारी है कि वह अफ़ग़ानिस्तान की वर्तमान स्थिति के दृष्टिगत अपने दायित्व का निर्वाह करे।
जाओ ली जियान ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अमरीकी सैनिकों को अफ़ग़ानिस्तान से पूरी जि़म्मेदारी के साथ वापस जाना चाहिए क्योंकि वहां के हालात बहुत तनावपूर्ण हैं।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना था कि 20 वर्ष पहले अमरीका ने आतंकवाद से मुक़ाबले के बहाने अफ़ग़ानिस्तान में अपने सैनिक भेजे थे जिनका काम अलक़ाएदा और तालेबान का मुक़ाबला करना था। इन दो दशकों के दौरान आतंकी गुटों को तो कोम विशेष क्षति नहीं पहुंची किंतु अफ़ग़ानिस्तान की आम जनता को इससे बहुत अधिक जानी और माली नुक़सान हुआ।
बीस वर्षों के बाद भी अफ़ग़ानिस्तान की सुरक्षा स्थिति बहुत ही जटिल एवं ख़तरनाक हो गई है। वहां पर आतंकवाद की समस्या का कोई भी समाधान नहीं हुआ और अमरीका ने यकायक अफ़ग़ानिस्तान से निकलने का फैसला कर लिया।
याद रहे कि इस वर्ष के आरंभ से अफ़ग़ानिस्तान में अशांति बहुत तेज़ी से बढ़ी है। वहां पर लगातार आतंकी हमले हो रह हैं। इन हमलों के कारण इस देश की शांति एवं सुरक्षा के लिए गंभीर संकट पैदा हो गया है। ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार तालेबान ने अफ़ग़ानिस्तान के कई नगरों पर क़ब्ज़ा कर लिया है जिससे लोगों में चिंता बढ़ रही है।
यह भी ख़बर मिली है कि अफ़ग़ानिस्तान के तालेबान से मुक़ाबला करने के लिए बहुत से क्षेत्रों में लोगों ने हथियारबंद दस्ते बनाए हैं।