कोलंबियाई राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर पर फ़ायरिंग, कई गोलियां इंजन से टकराईं
कोलंबिया के राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री समेत कुछ शीर्ष अधिकारियों को ले जा रहे हेलीकॉप्टर पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई हैं, जिनमें से कई गोलियां हेलीकॉप्टर से टकराई हैं।
राष्ट्रपति इवान ड्यूक ने इस हमले को बुज़दिलाना हमला क़रार देते हुए कहा है कि हमले के ज़िम्मेदारों को ढूंढ निकाला जाएगा। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, यह हमला शुक्रवार को कुकुटा शहर में स्थित कैमिलो डाज़ा एयरपोर्ट के पास उस समय हुआ जब ड्यूक और अन्य अधिकारी पास के एक शहर से बैठक में भाग लेकर वापस लौट रहे थे।
कोलंबियाई राष्ट्रपति ने ख़ुद हमले की पुष्टि करते हुए कहा है कि उन्होंने सुरक्षा बलों को हमलावरों का पीछा करने का आदेश दिया है जिन्होंने हेलीकॉप्टर पर फ़ायरिंग करके देश के शीर्ष अधिकारियों की जान को जोखिम में डाल है। राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने बताया है कि इस हमले में हेलीकॉप्टर में सवार कोई अधिकारी ज़ख़्मी नहीं हुआ है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, हेलीकॉप्टर में बैठे लोगों को जब इंजन से किसी चीज़ के टकराने की आवाज़ सुनाई दी, तब हेलीकॉप्टर ज़मीन से थोड़ी ही ऊंचाई पर था। बताया गया है कि जिस क्षेत्र में कोलंबियाई राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर पर हमला हुआ वहां वामपंथी विचारधारा वाली नेशनल लिब्रेशन आर्मी (ईएलएन) काफ़ी सक्रिय है। msm
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए