इराक़ युद्ध के प्रमुख रणनीतिकार रम्सफ़ैल्ड का निधन
88 वर्षीय अमरीका के पूर्व रक्षा मंत्री डोनल्ड रम्सफ़ैल्ड का निधन हो गया है। उन्हें 2003 में इराक़ पर की गई सैन्य चढ़ाई के प्रमुख रणनीतिकार के रूप में याद किया जाता है।
2003 में अमरीका ने अपने यरोपीय घटक देशों के साथ मिलकर इराक़ में सामूहिक विनाश के हथियारों के मौजूद होने का दावा करते हुए बग़दाद पर सैन्य चढ़ाई कर दी थी।
अमरीकी सेना ने इराक़ के पूर्व तानाशाह सद्दाम हुसैन का तख़्तापलट दिया था। जिसके बाद मध्यपूर्व में हिंसा का एक न ख़त्म होने वाला सिलसिला शुरू हो गया, जो आज भी जारी है।
अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जार्ड डब्ल्यूबुश के कार्यकाल के दौरान, जब अमरीका पर 9य11 का हमला हुआ था, तो उसके बाद रम्सफ़ैल्ड आतंकवाद के ख़िलाफ तथाकथित युद्ध के प्रस्तावक थे।
हालांकि इराक़ में सामूहिक विनाश का कोई हथियार नहीं मिला, जिसके बाद बुश और उनके रक्षा मंत्री की दनिया भर में भारी आलोचना हुई और रम्सफ़ैल्ड को अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा।
इराक़ पर हमले की निंदा के लिए अमरीका समेत दुनिया भर में लाखों लोग सड़कों पर उतरे थे। लोगों ने तथाकथित आतंकवाद के ख़िलाफ़ युद्ध में बेगुनाहों पर ज़्यादतियों और लाखों आम नागरिकों के मारे जाने की निंदा की।
क्यूबा के ग्वांतानामो बे और बग़दाद की अबू ग़रैब जेलों में क़ैदियों के साथ अमरीकी सैन्य अधिकारियों के दुर्व्यवहार के लिए दुनिया भर में अमरीका की फ़ज़ीहत हुई। अबू ग़रैब और ग्वांतोनामो बे की जेलों में क़ैदियों की प्रताड़ना की तस्वीरों ने इंसानियत को शर्मसार करके रख दिया था।
2001 में अफ़ग़ानिस्तान पर हमले के बाद, 2003 में इराक़ पर हमले के लिए रम्सफ़ैल्ड ने बड़ा ज़ोर दिया था। इराक़ में सामूहिक विनाश के हथियारों के सफ़ेद झूठ को साबित करने के लिए उन्होंने जमकर वकालत की थी। msm