हलब में आतंकियों के हमलों पर सुरक्षा परिषद की प्रतिक्रिया
संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद ने सीरिया के हलब शहर पर आतंकियों के हमलों की कड़ी आलोचना की है।
सुरक्षा परिषद ने मंगलवार को एक बयान जारी करके हलब में उपचार केंद्रों पर हुए हमलों और इनमें रोगियों व अस्पतालों के कर्मियों की हत्या की निंदा की है। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून ने हलब में सीरियाई नागरिकों पर हमले करने वालों को दंडित किए जाने की मांग की है। अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशनों के अनुसार युद्ध के मैदानों में पत्रकारों और उपचार केंद्रों के कर्मियों पर हमले नहीं होने चाहिए।
सीरिया की सेना आतंकवादियों के नियंत्रण वाले क्षेत्रों को स्वतंत्र कराने के लिए अपना अभियान जारी रखे हुए है। नुस्रा फ़्रंट नामक आतंकी गुट ने मंगलवार की सुबह हलब के कई मुहल्लों पर राॅकेटों और मार्टर गोलों से हमले किए जिनमें 25 सीरियाई नागरिक हताहत और 40 अन्य घायल हो गए। (HN)