पंजशीर में तालेबान के साथ गंभीर झड़पें, कई तालेबान हताहत
अफ़ग़ानिस्तान के पंजशीर क्षेत्र में कई तालेबान के मारे जाने की सूचना मिली है।
काबुल से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पंजशीर में मौजूद लड़ाकों ने बताया है कि तालेबान के साथ झड़पों में दसियों तालेबान मारे गए हैं।
अफ़ग़ानिस्तान के अधिकांश हिस्सों पर नियंत्रण हासिल कर चुके तालेबान अबतक पंजशीर पर क़ब्ज़ा नहीं कर पाए हैं। वैसे तो ताेलेबान की ओर से यह घोषणा की जा चुकी है कि वे पंजशीर के मामले को वार्ता के माध्यम से हल करना चाहते हैं किंतु यह भी सूचना मिली है कि तालेबान ने अपने बहुत से लड़ाकों को पंजशीर घाटी भेज दिया है जिन्होंने उस क्षेत्र को चारों ओर से घेरना आरंभ कर दिया है।
इसी बीच पंजशीर के लड़ाकों ने बताया है कि कल रात तालेबान के साथ झड़पों में 300 से अधिक तालेबान लड़ाके मारे गए हैं। उन्होंने 40 तालेबान के गिरफ़्तार किये जाने का भी दावा किया है।
हालांकि स्वतंत्र सूत्रों से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है किंतु मंगलवार की रात तालेबान ने पंजशीर घाटी के गुलबहार क्षेत्र में घुसने का जब प्रयास किया तो वहां के लड़ाकों से तालेबान की मुडभेड़ हुई जिसमें बड़ी संख्या में तालेबान मारे गए।
याद रहे कि तालेबान ने 15 अगस्त को अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल पर नियंत्रण स्थापित कर लिया था। तालेबान के काबुल में आते ही अशरफ़ ग़नी, अफ़ग़ानिस्तान छोड़कर भाग गए लेकिन पंजशीर घाटी में मौजूद अहमद मसूद ने एलान किया था कि वे तालेबान के क़ब्ज़े को स्वीकार नहीं करते। उन्होंने वार्ता का भी प्रस्ताव दिया था किंतु यह भी कहा था कि वार्ता की विफलता की स्थिति में वे हथियार नहीं डालेंगे बल्कि तालेबान के विरुद्ध युद्ध करने को प्राथमिकता देंगे।