पंजशीर में तालेबान पर भारी पड़ रहे हैं वहां के लड़ाके
अफ़ग़ानिस्तान की पंजशीर घाटी केे लड़ाकों ने एक झड़प के दौरान तालेबान के कई सदस्यों को मार गिराया।
अहमद मसूद के नेतृत्व में तालेबान विरोधी सशस्त्र लड़ाकों ने एलान किया है कि गुरूवार की रात पंजशीर घाटी के उत्तर में स्थित "ख़ावाक" क्षेत्र में तालेबान के साथ झड़पों में बहुत बड़ी संख्या में तालेबान मारे गए। इससे पहले भी पंजशीर में झड़पों के दौरान तालेबान के मारे जाने की ख़बरें आ चुकी हैं।
इसी बीच सूचना मिली है कि तालेबान विरोधियों ने अफ़ग़ानिस्तान के परवान प्रांत के "चारीका" नगर को तालेबान के नियंत्रण से मुक्त करा लिया है। तालेबान विरोधी गठबंधन के प्रवक्ता अली मीसम नज़री ने बताया है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान तालेबान के साथ होने वाली झड़पों में तालेबान के 500 से अधिक सदस्य हताहत और घायल हुए हैं।
दूसरी ओर तालेबान ने दावा किया है कि उन्होंने नूरिस्तान, बग़लान, परवान और बदख़शां प्रांतों की ओर से पंजशीर की तरफ बढ़ना शुरू कर दिया है। तालेबान का दावा है कि इस दौरान उन्होंने अपने बहुत से विरोधियों को ढेर कर दिया।
अफ़ग़ानिस्तान की पंजशीर घाटी में तालेबान की कमज़ोरी का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने वहां की ख़बरों को छिपाने के उद्देश्य से पंजशीर से इंटरनेट व्यवस्था को बंद कर दिया है।
याद रहे कि तालेबान ने पंजशीर घाटी को अपने नियंत्रण में करने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा रखा है। एक ओर तो वे पंजशीर के नेताओं को वार्ता का निमंत्रण दे रहे हैं जबकि दूसरी ओर अपने बहुत से लड़ाकों को उन्होंने पंजशीर भेजा है ताकि वे युद्ध के माध्यम से इसे हासिल कर सकें।
अपनी इसी रणनीति के अन्तर्गत तालेबान पहले पंचशीर घाटी को हर ओर से घेरना चाहते हैं और उसके बाद अपने दृष्टिगत कार्यवाही करने के चक्कर में हैं। हालांकि अहमद मसूद के नेतृत्व में तालेबान विरोधी लड़ाकों ने अबतक तालेबान की इस योजना को पूरा नहीं होने दिया है। अहमद मसूद ने बारंबार तालेबान से कहा है कि वे तालेबान के आगे घुटने नहीं टेकेंगे। उन्होंने कहा कि तालेबान बदले नहीं हैं।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए