नंगरहार मे विस्फोट कई हताहत और घायल
अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी प्रांत नंगरहार में पुनः विस्फोट हुआ है जिसमें कई लोगों के हताहत और घायल होने की सूचना है।
शफ़क़ना समाचार एजेन्सी के अनुसार शनिवार को नंगरहार प्रांत के जलालाबाद नगर में राजभवन के निकट एक भीषण विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में घायल होने वाले चार लोग आम नागरिक बताए जा रहे हैं। विस्फोट में एक व्यक्ति के मारे जाने तथा सात अन्य के घायल होने की सूचना है।
बताया जाता है कि विस्फोटक पदार्थ को राजभवन के एक गमले में छिपाया गया था। समाचार लिखे जाने तक किसी व्यक्ति या गुट ने इस विस्फोट की ज़िम्मेदारी स्वीकार नहीं की थी। हालांकि हालिया हमलों के कुछ समय के बाद दाइश ने ही इनकी ज़िम्मेदारी ली है।
याद रहे कि जब से तालेबान ने अफ़ग़ानिस्तान पर नियंत्रण किया है उस समय से अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल सहित इस देश के विभिन्न क्षेत्रों में कई बार विस्फोट हो चुके हैं। अधिकांश विस्फोटों की ज़िम्मेदारी आतंकवादी गुट दाइश ने स्वीकार की है।
दाइश ने नंगरहार में अपने हमले तेज़ कर दिये हैं। कुछ दिनों पहले नंगरहार में दाइश द्वारा तालेबान के वाहनों को लक्ष्य बनाकर किये गए हमलों में तालेबान के कई सदस्य मारे गए थे। नंगरहार में दाइश का प्रभाव अधिक बताया जा रहा है। तालेबान का कहना है कि दाइश का ख़तरा बहुत गंभीर नहीं है उनसे हम निबट लेंगे।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए